देश की खबरें | हरियाणा में एक ही परिवार के तीन लोगों ने निगला जहर, दो की मौत्

जींद, 23 अक्टूबर हरियाणा के जींद जिले के दनौदा कलां गांव में बीती रात संदिग्ध हालात में बुजुर्ग व्यक्ति ने बेटे तथा पोते के साथ कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे इस घटना के बाद पिता पुत्र की मौत हो गयी जबकि पोते की हालत नाजुक है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस ने बताया कि गांव दनौदा कलां निवासी प्रकाश उर्फ पासा (62), उसके बेटे वीरेंद्र (45) तथा पोते मनजीत (12) ने शनिवार की रात संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगल लिया।

उन्होंने बताया कि घटना का उस समय पता चला जब प्रकाश के दूसरे पोते कर्मबीर ने तीनों को उल्टियां करते देखा। उन्होंने बताया कि शोर मचाए जाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए और तीनों को उपचार के लिए बरवाला के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने प्रकाश को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह उसके बेटे वीरेंद्र ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मनजीत की हालात नाजुक है ।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)