देश की खबरें | कर्नाटक में जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़

नयी दिल्ली, 21 जून देश में जासूसी गतिविधियों में संलिप्त कथित तौर पर विदेशी फोन कॉल को स्थानीय कॉल में बदलने वाले एक अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का सैन्य खुफिया और बेंगलुरु पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

केरल के वायनाड जिले के रहने वाले व्यक्ति की पहचान शराफुद्दीन (41) के रूप में हुई है, जिसे दोनों एजेंसियों ने संयुक्त अभियान के दौरान हिरासत में लिया है।

उक्त व्यक्ति पर कर्नाटक की राजधानी के बागलगुंटे मुख्य सड़क क्षेत्र में चार स्थानों पर कई मोबाइल सिम कार्ड विद्युत उपकरणों में रखने का आरोप है।

अधिकारियों ने कहा कि अवैध गतिविधि ने दूरसंचार विभाग को "गुमराह" किया और देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर दिया।

एजेंसियों को तब पता चला जब उन्होंने पाया कि पाकिस्तान स्थित कुछ गुर्गे कुछ भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों से जानकारी प्राप्त करने के लिए एक्सचेंज का उपयोग कर रहे थे।

अधिकारी के मुताबिक, ''प्रारंभिक जांच से पता चला है कि जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, उसने भुवनेश्वरी नगर, चिक्कासांद्रा और सिद्धेश्वर लेआउट में स्थानों पर 2,144 सिम कार्ड स्थापित करने के लिए 58 विद्युत उपकरणों का उपयोग किया था।"

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''आरोपी ने अनधिकृत रूप से अंतरराष्ट्रीय (आईएसडी) फोन कॉल को स्थानीय कॉल में बदलता था।''

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने आगे की जांच के लिए मामला दर्ज किया है।

अभियान संयुक्त रूप से सीसीबी इकाई के अधिकारियों और सैन्य खुफिया, दक्षिणी कमान के लोगों द्वारा बेंगलुरु में अंजाम दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)