देश की खबरें | हरियाणा: टोल मुक्त कर किसानों ने टोल प्लाजा पर किया धरना-प्रदर्शन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भिवानी/जींद, 12 दिसंबर हरियाणा के भिवानी और जींद जिलों में शनिवार को प्रदर्शनकारी किसानों ने विभिन्न टोल-प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर किसानों ने शनिवार सुबह से लेकर अपराह्न करीब तीन बजे तक प्लाजा को टोल मुक्त कर दिया।

किसानों के धरना-प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल के साथ ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े | अयोध्या को और भव्य स्वरूप देने के लिए 343 गांव शामिल, यूपी कैबिनेट ने दी मंजूरी.

जींद के बद्दोवाल व खटकड़ टोल प्लाजा पर सुबह सात बजे ही प्रदर्शनकारी पहुंच गए। यहां किसानों के पहुंचने पर टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने अपने कैबिन खाली कर दिए और टोल मुक्त कर दिए गए। किसान यूनियनों ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को टोल प्लाजा पर धरना दिया जा रहा है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तहसीलदार रामचरण शर्मा धरना-प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे। उचाना के एसडीएम डॉ. राजेश कोथ और डीएसपी जितेंद्र सिंह भी पूरे दिन किसानों के इस धरने पर नजर बनाए रहे।

सर्वजातीय खेड़ा खाप के प्रधान सतबीर पहलवान बरसोला और किसान नेता फूल सिंह श्योकंद ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने फैसला लिया था कि 12 दिसंबर को सुबह 10 बजे से लेकर अपराह्न तीन बजे तक देश के टोल मुक्त किए जाएंगे।

यह भी पढ़े | Farmers Protest: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, किसान आंदोलन पर हुई चर्चा.

वहीं, भिवानी में भी किसान व अन्य संगठनों ने चरखी-दादरी रोड पर कितलाना टोल को फ्री करवाया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन को भी जारी रखा जाएगा।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी वीरेंद्र सिंह व उप जिलाधिकारी महेश कुमार मौके पर मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)