(फोटो के साथ)
शिवसागर, चार नवंबर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को असम के शिवसागर जिले में 483 करोड़ रुपये की लागत से बने मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
बयान के मुताबिक तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) की प्रतिबद्धताओं के तहत सिउ-का-फा अस्पताल के लिए वित्तीय मदद प्रदान की है। इसका प्रबंधन एवं संचालन औरंगाबाद स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर वैद्यकीय प्रतिष्ठान (बीएवीपी) द्वारा किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अस्पताल से असम के ऊपरी हिस्सों के निवासियों के साथ-साथ पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री ने पूर्वोत्तर के विकास को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा महत्व दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ पूर्वोत्तर के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर सरकार और ओएनजीसी जैसे सार्वजनिक उद्यम यहां लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ’’
कार्यक्रम में उपस्थित पेट्रोलियम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि नए अस्पताल की अत्यधिक उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं से पूरे क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा।
यह अस्पताल 35 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें 300 बिस्तरों की सुविधा के अलावा 70 विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY