देश की खबरें | हरदयाल पुस्तकालय के कर्मचारियों ने 411 दिन के बाद हड़ताल खत्म की: दिल्ली नगर निगम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वेतन नहीं मिलने के विरोध में 411 दिनों से हड़ताल कर रहे ‘हरदयाल म्युनिसिपल पब्लिक लाइब्रेरी’ के कर्मचारी पार्षद प्रीति के नया सचिव चुने जाने के कुछ दिनों बाद काम पर लौट आये हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, सात नवंबर वेतन नहीं मिलने के विरोध में 411 दिनों से हड़ताल कर रहे ‘हरदयाल म्युनिसिपल पब्लिक लाइब्रेरी’ के कर्मचारी पार्षद प्रीति के नया सचिव चुने जाने के कुछ दिनों बाद काम पर लौट आये हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बताया कि वह इन कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान करने के लिए काम कर रहा है।

दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने कहा, ‘‘हरदयाल पुस्कालय के कर्मचारी पिछले 32 महीनों से अपने वेतन का इंतजार कर रहे हैं। इन कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान जल्द से जल्द किया जाएगा।’’

ओबेरॉय इस 160 साल से अधिक पुराने पुस्तकालय की पदेन अध्यक्ष भी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कर्मचारियों को शीघ्र वेतन भुगतान के लिए पुस्तकालय की खाता संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।’’

महापौर और नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक की मौजूदगी में मंगलवार को पार्षद प्रीति ने संयुक्त सचिव उषा शर्मा और अन्य सदस्यों के साथ कार्यभार संभाला।

महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम जल्द ही पुस्कालय के लिए आवंटित कोष में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच शुरू करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हरदयाल पुस्तकालय के कोष का दुरुपयोग किया गया। हमें इन सभी वित्तीय अनियमितताओं के बारे में शिकायतें मिली हैं, जिनकी जल्द ही जांच की जाएगी।’’

इस महीने की शुरुआत में ओबेरॉय ने घोषणा की थी कि पुस्तकालय के जिन कर्मचारियों को 2021 से वेतन नहीं मिला है, उन्हें दिवाली से पहले वेतन मिल जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now