देश की खबरें | गुजरातः मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सोमवार को नौसैनिक युद्धपोत 'सूरत' के शिखर का अनावरण करेंगे

अहमदाबाद, पांच नवंबर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सोमवार को नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में भारतीय नौसेना के नये युद्धपोत 'सूरत' के शिखर का अनावरण करेंगे।

प्रेस सूचना ब्यूरो की ओर से रविवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 'सूरत' पहला ऐसा युद्धपोत है, जिसका नामकरण गुजरात के एक शहर के नाम पर किया गया है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, यह पहली बार होगा, जब किसी युद्धपोत के शिखर का अनावरण उस शहर में किया जाएगा, जिसके नाम पर उसका नामकरण किया गया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, शिखर का अनावरण समारोह सूरत में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ ‘वाइस एडमिरल’ दिनेश कुमार त्रिपाठी और गुजरात नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल अनिल जग्गी मौजूद रहेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले साल मार्च में मुंबई में स्वदेश निर्मित इस युद्धपोत को लॉन्च किया था। यह पोत एक निर्देशित मिसाइल विध्वंसक है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, "अग्रिम मोर्चे की निर्माणाधीन 'युद्धपोत परियोजनाओं' के तहत 'प्रोजेक्ट 15बी' में अगली पीढ़ी के चार निर्देशित मिसाइल विध्वंसक का निर्माण शामिल है, जिनमें से "सूरत" चौथा और आखिरी पोत है।"

इसमें कहा गया है, "यह युद्धपोत फिलहाल मुंबई के मझगांव डॉक लिमिटेड में निर्माणाधीन है। इस युद्धपोत का निर्माण स्वदेशी अत्याधुनिक युद्धपोत निर्माण प्रौद्योगिकी के प्रति देश के समर्पण और रणनीतिक सैन्य प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण देता है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)