जरुरी जानकारी | सरकार ने 76,524 करोड़ रुपये के 405.31 लाख टन धान की खरीद की

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर चालू खरीफ विपणन सत्र में अब तक धान की खरीद 24 प्रतिशत बढ़कर 405.31 लाख टन हो गया है, जिसका मूल्य 76,524 करोड़ रुपये है।

एक सरकारी बयान में शुक्रवार को कहा गया है कि चालू खरीफ विपणन सत्र 2020-21 में, सरकार किसानों से न्यूनम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीफ फसलों को खरीदना जारी रखा है।

खरीफ विपणन का मौसम अक्टूबर से शुरू होता है।

खरीफ 2020-21 के लिए धान की खरीद का काम पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड, तमिलनाडु, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, केरल, गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार में सुचारू रूप से जारी है।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और राज्य एजेंसियों द्वारा 17 दिसंबर तक 405.31 लाख टन धान की खरीद की गई है जो खरीद पिछले वर्ष की समान अवधि में 327.65 लाख टन की हुई थी।

बयान में कहा गया, ‘‘लगभग 47.17 लाख किसानों को 76,524.14 करोड़ रुपये के एमएसपी मूल्य के साथ हुई खरीद का फायदा मिल चुका है।’’

अब तक हुई 405.31 लाख टन की कुल खरीद में से पंजाब ने 30 नवंबर को खरीद सत्र बंद होने तक 202.77 लाख टन का योगदान दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)