जरुरी जानकारी | नौकरी तलाश करने वालों की मदद के लिये गूगल भारत में ला रही है ‘कोरमो जॉब्स ऐप’

नयी दिल्ली, 19 अगस्त प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल ने बुधवार को कहा कि वह अपना एंड्रायड ऐप ‘कोरमो जॉब्स’ भारत ला रही है। इससे नौकरी चाहने वालों को देशभर में खाली पदों को तलाशने और आवेदन करने में मदद मिलेगी।

कंपनी ने पिछले साल गूगल पे के तहत रोजगार तलाश करने वालों को जोड़ने के लिये ‘जॉब्स’ पेश किया था। इसमें घरों तक सामान और सेवाएं पहुंचाने वाली कंपनियों, खुदरा और होटल जैसे उद्योगों में अवसरों को रखा जाता था। अब इस पेशकश को नये रूप में ‘कोरमो जॉब्स’ के रूप में लाया जाएगा।

यह भी पढ़े | Adhir Ranjan Chaudhry: कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने अध्यक्ष ओम बिरला को लिखा पत्र, संसद की कार्यवाही में वर्चुअल माध्यम शामिल होने की मांगी अनुमति.

गूगल के क्षेत्रीय प्रबंधक और परिचालन प्रमुख (कोरमो जॉब्स) बिके रसेल ने कहा कि ‘जॉब्स’ को 2018 में मूल रूप से बांग्लादेश में पेश किया गया था और उसके बाद इंडोनेशिया में ‘कोरमो जॉब्स’ ब्रांड के तहत पेश किया गया।

पिछले साल गूगल ने, गूगल पे ऐप पर ‘जॉब्स एज ए स्पॉट’ ब्रांड के अंतर्गत इसी प्रकार की पेशकश की थी।

यह भी पढ़े | Northeast Frontier Railway Recruitment 2020: रेलवे में अप्रेंटिस पद के लिए 4499 भर्ती, 10वीं पास कर सकते हैं अप्लाई.

उन्होने एक ब्लॉगस्पॉट में लिखा है कि जोमैटो और डुनजो जैसी कंपनियां इस सेवा का उपयोग कर जरूरी कुशलता, अनुभव और स्थान विशेष की जरूरत के अनुसार उम्मीदवार तलाशने में सफल रहीं। मंच पर 20 लाख से अधिक सत्यापित रोजगार की जानकारी दी गयी थी।

रसेल ने कहा, ‘‘इससे उत्साहित और महामारी के बाद रोजगार उपलब्ध कराने में मदद के इरादे से हम भारत में ‘कोरमो जॉब्स एंड्रॉयड ऐप’ ला रहे हैं। इससे नौकरी तलाश करने वालों को मदद मिलेगी और वे भारत में अपनी पसंद की नौकरियां तलाश कर सकेंगे और आवेदन कर सकेंगे।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘कंपनी नई विशेषताएं और रोजगार जोड़ने के लिये इसमें निवेश जारी रखेगी ताकि जरूरतमंद लोगों को इस सुविधा का पूरा लाभ हो सके।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)