देश की खबरें | तहव्वुर राणा के एनआईए की हिरासत में होने से जेएलएन मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 2 बंद रहा

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल मुंबई में साल 2008 में हुए भीषण आतंकवादी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा के राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में होने के कारण एजेंसी के मुख्यालय के पास स्थित जवाहरलाल नेहरू मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 2 शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा।

एनआईए ने शुक्रवार सुबह 64 वर्षीय राणा को 18 दिन की हिरासत में ले लिया और उससे 26/11 के हमलों की साजिश का पता लगाने के लिए पूछताछ शुरू कर दी। मुंबई में हुए आतंकी हमलो में 166 लोगों की मौत हो गई थी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस के अगले आदेश तक जेएलएन मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 2 बंद रहेगा।’’

जेएलएन मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर 2 एनआईए मुख्यालय के सबसे नजदीक है और उसे (राणा) यहां लाए जाने से पहले बृहस्पतिवार को इसे बंद कर दिया गया था।

डीएमआरसी के प्रवक्ता ने बताया कि मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं तथा स्टेशन के अन्य सभी प्रवेश और निकास द्वार यात्रियों के लिए खुले हैं।

एनआईए की विशेष अदालत ने बृहस्पतिवार को राणा को 18 दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया, जिसके बाद उसे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटियाला हाउस अदालत परिसर से एनआईए मुख्यालय में शुक्रवार को लाया गया।

एनआईए ने एक बयान में कहा, ‘‘राणा 18 दिन तक एनआईए की हिरासत में रहेगा। इस दौरान जांचकर्ता 2008 के मुंबई हमलों के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए उससे गहन पूछताछ करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)