देश की खबरें | झारखंड के आयुर्वेद चिकित्सक के अपहरण मामले में चार आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

जमशेदपुर, 23 अक्टूबर झारखंड पुलिस ने एक आयुर्वेद चिकित्सक के अपहरण के आरोप में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड निवासी टुंपू बेसरा को पुलिस ने पुरुलिया के जॉयपुर थाना क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर के एक घर से छुड़ाया है।

पुलिस ने कहा कि बीमार ग्रामीण का इलाज कराने की आड़ में आरोपी बेसरा को शुक्रवार को पुरुलिया लेकर आए थे।

पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर पुरुलिया के एक घर पर छापेमारी कर बेसरा को छुड़ाया गया।

उन्होंने कहा कि मामले में मुख्य आरोपी चित्तरंजन महतो समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

कुमार ने बताया कि आरोपी पहले भी आपराधिक वारदात में संलिप्त रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)