देश की खबरें | ओडिशा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष महेश्वर मोहंती का 67 वर्ष की उम्र में निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता और ओडिशा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष महेश्वर मोहंती का मंगलवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।
भुवनेश्वर, सात नवंबर बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता और ओडिशा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष महेश्वर मोहंती का मंगलवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।
पूर्व मंत्री रहे मोहंती के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मस्तिष्काघात से पीड़ित होने के बाद उन्हें एक नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और मंगलवार को तड़के करीब तीन बजकर 25 मिनट पर उन्होंने अंतिम श्वांस ली।
मोहंती पांच बार पुरी निर्वाचन क्षेत्र से ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 1995 में जनता दल के उम्मीदवार के रूप में और 2000, 2004, 2009 और 2014 में बीजद उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक लड़ा था।
26 फरवरी, 1956 को जन्मे मोहंती ने नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम किया था और 2011 और 2019 के बीच पंचायती राज, राजस्व, कानून और पर्यटन विभाग जैसे विभाग संभाले थे।
वह 2004 से 2008 तक विधानसभा अध्यक्ष रहे।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मोहंती के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें ‘‘उच्च संगठनात्मक कौशल वाला लोकप्रिय नेता’’ बताया।
पटनायक ने कहा कि एक विधायक और मंत्री के रूप में उन्होंने पुरी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)