देश की खबरें | पूर्व मंत्री लाल सिंह ईडी के सामने पेश हुए, समर्थकों का विरोध प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह अपनी पत्नी और पूर्व विधायक कांता अंदोत्रा द्वारा संचालित एक शैक्षिक न्यास के खिलाफ मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

जम्मू, छह नवंबर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह अपनी पत्नी और पूर्व विधायक कांता अंदोत्रा द्वारा संचालित एक शैक्षिक न्यास के खिलाफ मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सिंह के सैकड़ों समर्थक उनकी पत्नी अंदोत्रा के नेतृत्व में एजेंसी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने दावा किया कि सिंह बेदाग हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर उन्हें परेशान किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी के अध्यक्ष सिंह तीन दिन में दूसरी बार पूछताछ के लिए सुबह 10 बजे नरवाल स्थित एजेंसी कार्यालय पहुंचे। ईडी के अधिकारियों ने उनसे शनिवार को भी पूछताछ की थी।

ईडी ने न्यास स्थापित करने के लिए ज़मीन खरीद में कथित अनिमियतताओं के सिलसिले में अंदोत्रा और एक पूर्व सरकारी अधिकारी के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत पिछले हफ्ते जम्मू और इसके आसपास के इलाकों में छापेमारी की थी।

संघीय एजेंसी ने आरबी एजुकेशनल ट्रस्ट, इसके अध्यक्ष और पूर्व राजस्व अधिकारी रविंदर एस के खिलाफ मामले में जम्मू, कठुआ और पंजाब के पठानकोट में करीब आठ परिसरों पर छापेमारी की थी।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अक्टूबर 2021 में इस मामले में आरोप पत्र दायर किया था जिसके आधार पर ईडी ने धनशोधन का मामला दर्ज किया था। आरोप पत्र में चार से सात जनवरी 2011 के बीच ज़मीन आवंटित करने में नियमों के उल्लंघन और आपराधिक सांठगांठ का आरोप लगाया गया था।

अंदोत्रा ने कहा, “यह केवल राजनीतिक प्रतिशोध है क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपने विरोधियों को परेशान करने, अपमानित करने और बदनाम करने के लिए संघीय एजेंसियों का उपयोग कर रही है। उनके पास हमारे खिलाफ साबित करने के लिए कुछ नहीं है और हम भाजपा के सामने झुकने वाले नहीं हैं।”

उन्होंने कहा, “हम लोकतंत्र को मजबूत करेंगे और जम्मू के हितों की रक्षा करेंगे। हम ऐसे कदमों से डरेंगे नहीं।’’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा उनके पति को जेल में डालना चाहती है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now