जयपुर, पांच नवंबर राजस्थान में मेवाड़ के पूर्व शाही परिवार के सदस्य कुंवर विश्वराज सिंह मेवाड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के खिलाफ विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं। कुंवर विश्वराज सिंह नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे है।
महान राजपूत राजा और योद्धा महाराणा प्रताप के वंशज, विश्वराज सिंह उस परिवार से आते हैं जिसने सदियों तक मेवाड़ साम्राज्य पर शासन किया है और अब वह लोकतंत्र में 'जनप्रतिनिधि' बनना चाह रहे हैं।
दिल्ली में भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद पार्टी ने विश्वराज सिंह को 25 नवंबर के विधानसभा चुनाव के लिए राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
इस सीट पर मौजूदा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। जोशी नाथद्वारा से पांच बार के विधायक हैं।
जहां कांग्रेस निर्वाचन क्षेत्र में अपने विकास कार्यों पर भरोसा कर रही है, वहीं भाजपा इस मुकाबले को मेवाड़ के गौरव से जोड़कर सीट जीतने की उम्मीद कर रही है।
श्रीनाथजी मंदिर के लिए प्रसिद्ध नाथद्वारा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और यह मेवाड़ क्षेत्र का एक हिस्सा है।
इस निर्वाचन क्षेत्र में राजपूत और ब्राह्मण मतदाताओं का वर्चस्व है। इसके बाद ओबीसी और आदिवासी वोटों का नंबर आता है। यहां दो लाख पैंतीस हजार मतदाता हैं।
विश्वराज सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “कई लोग मुझसे पूछते हैं और उन्हें संदेह है कि मैं लोकतंत्र में कैसे तालमेल बिठा पाऊंगा। मेरा कहना है कि (पूर्व शाही) परिवार लगभग 1500 वर्षों से वहां है, जो एक लंबा समय है और यह तभी हो सकता है जब आप लोगों से जुड़े हों। ”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY