देश की खबरें | जीणमाता मंदिर विवाद में दो अधिकारी समेत पांच पर गिरी गाज, मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के सीकर जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ जीणमाता मंदिर विवाद मामले में शुक्रवार को न्यास और प्रशासन की बैठक के बाद मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया और दो अधिकारी तथा तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जयपुर, 11 अप्रैल राजस्थान के सीकर जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ जीणमाता मंदिर विवाद मामले में शुक्रवार को न्यास और प्रशासन की बैठक के बाद मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया गया और दो अधिकारी तथा तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
तीन अप्रैल को पुजारियों पर हुए हमले के विरोध में मंदिर न्यास ने शुक्रवार से श्री जीणमाता मंदिर दर्शनार्थियों के वास्ते अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा की थी।
प्रशासन और न्यास की बैठक में मांगों को माने जाने के बाद मंदिर श्रद्धालुओं के लिए पुन: खोल दिया गया।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट रतन कुमार ने बताया कि मामले में पटवारी राजेश कुमार और एक सहायक प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्र सिंह को पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा में (एपीओ) रखा गया है और तीन पुलिस कांस्टेबल महेंद्र कुमार, मनोज कुमार और रडमल सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मंदिर न्यास के सदस्य राकेश कुमार ने बताया कि हाल में संपन्न नवरात्रि मेले के दौरान कुछ लोगों ने पुजारियों के साथ मारपीट की, जिससे पुजारियों और मंदिर अधिकारियों में नाराजगी है।
उन्होंने बताया, ‘‘घटना के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था जिसमें आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाही की मांग की गई थी।’’
उन्होंने बताया कि मांगें नहीं मानने पर न्यास द्वारा शुक्रवार को सुबह 10 बजे से मंदिर को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)