देश की खबरें | फिल्म जगत की हस्तियों ने गुजरात विमान दुर्घटना पर गहरा शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेताओं अक्षय कुमार एवं विक्की कौशल, अभिनेत्री आलिया भट्ट और फिल्म निर्माता करण जौहर समेत सिने जगत की कई हस्तियों ने बृहस्पतिवार को एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख व्यक्त किया और उसमें सवार सभी लोगों की कुशलता की कामना की।

नयी दिल्ली, 12 जून अभिनेताओं अक्षय कुमार एवं विक्की कौशल, अभिनेत्री आलिया भट्ट और फिल्म निर्माता करण जौहर समेत सिने जगत की कई हस्तियों ने बृहस्पतिवार को एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख व्यक्त किया और उसमें सवार सभी लोगों की कुशलता की कामना की।

लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।

विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट मेघाणी नगर में शहर के सिविल अस्पताल और बी जे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

अक्षय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एअर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से स्तब्ध और अवाक हूं। इस समय केवल प्रार्थनाएं कर सकते हैं।’’

अक्षय को तेलुगु फिल्म ‘कन्नप्पा’ के प्रचार के लिए शुक्रवार को इंदौर (मध्यप्रदेश) में अपने सह-कलाकार विष्णु मांचू के साथ एक कार्यक्रम में भाग लेना था लेकिन इस त्रासदी के मद्देनजर इसे रद्द कर दिया गया है। टीम ने फिल्म के ‘ट्रेलर’ के रिलीज को एक दिन टालने का फैसला किया है।

सलमान खान को बृहस्पतिवार को ‘इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग’ के एक कार्यक्रम में भाग लेना था लेकिन उन्होंने अपना कार्यक्रम विमान दुर्घटना के बाद रद्द कर दिया।

अभिनेता अल्लू अर्जुन ने कहा कि वह इस दुर्घटना से अत्यंत दुखी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले। यह वास्तव में दिल दहला देने वाली घटना है।’’

आलिया ने अपने ‘इंस्टाग्राम अकाउंट’ पर लिखा, ‘‘यह बहुत दुखद है!’’

उन्होंने कहा, ‘‘विमान में सवार सभी लोगों और उनके प्रियजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।’’

अभिनेत्री करीना कपूर खान ने कहा कि विमान दुर्घटना की खबर सुनकर वह स्तब्ध हैं।

करीना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘विमान में सवार सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रही हूं। यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और उनके परिवारों के लिए...। इस दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।’’

अभिनेता मनोज बाजपेयी ने लिखा, ‘‘अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना हृदयविदारक है। लोगों की जान बचने और घायलों के ठीक होने के लिए चमत्कार की प्रार्थना कर रहा हूं। मृतकों की आत्मा को शांति मिले और उनके प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में ताकत मिले।’’

विक्की ने भी विमान दुर्घटना की खबर को ‘‘अत्यंत दुखद’’ बताया।

उन्होंने कहा कि यह खबर पढ़कर ‘‘मेरा दिल बैठ गया। सभी के सुरक्षित और स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूं।’’

करण जौहर ने लिखा, ‘‘एअर इंडिया विमान के बारे में अत्यंत दुखद खबर.... मैं विमान में सवार सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं...मेरी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं विमान में सवार यात्रियों के परिवारों और प्रियजन के साथ हैं।’’

अभिनेता सनी देओल ने कहा कि वह अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना की खबर से स्तब्ध हैं।

उन्होंने लिखा, ‘‘मैं जीवित बचे लोगों के लिए दिल से प्रार्थना कर रहा हूं - उनका पता लगाकर जरूरी देखभाल की जाए। जो लोग जान गंवा चुके हैं, उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिले।’’

सारा अली खान ने कहा, ‘‘आज अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रही हूं।’’

रितेश देशमुख ने कहा कि वह ‘‘दुखद विमान दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुखी और सदमे में हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं सभी यात्रियों, उनके परिवारों और जमीन पर प्रभावित हुए सभी लोगों के साथ हैं।’’

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने एक पोस्ट में लिखा, ‘‘आज एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रभावित लोगों के परिवारों के दुख की कल्पना नहीं कर सकती। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करें।’’

इसके अलावा अभिनेता रणदीप हुड्डा, सोनू सूद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी घटना पर दुख जताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now