देश की खबरें | भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच देखने के लिए सिनेमाघरों में उमड़े प्रशंसक

मुंबई/नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर आईसीसी टी20 विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भारत के मैच को देखने के लिए हजारों क्रिकेट प्रशंसक रविवार को देश भर के सिनेमाघरों में पहुंचे।

मेलबर्न में आयोजित टी20 विश्व कप के मैच में विराट कोहली के 53 बॉल में नाबाद 82 रन की बदौलत भारत ने पाकिस्तान पर चार विकेट से जीत हासिल की। भारत को 20 ओवर के मैच में जीत के लिए 160 रन बनाने थे और शानदार खेल दिखाते हुए कोहली ने अंतिम गेंद पर जीत दिला दी। इस जीत में हार्दिक पंड्या ने भी उनका बखूबी साथ दिया, जिन्होंने 40 रन बनाए।

कुछ लोगों ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में मैदान पर भारत की चिर प्रतिद्वंद्वी टीम का खेल देखा, वहीं कई ने अपने टीवी और स्मार्टफोन स्क्रीन पर देखा। अन्य क्रिकेट प्रशंसक सिनेमाघरों में 70 मिमी स्क्रीन पर मैच का लुत्फ लेने पहुंचे।

जब भी प्रतिद्वंद्वी टीम की तरफ से कोई विकेट गिरता या कोई भारतीय बल्लेबाज छक्का लगाता, तो थिएटर में भारतीय प्रशंसक हाथ में तिरंगा लेकर अपनी सीट पर उछल पड़ते और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता। कई बार दर्शकों को मैच के खास पल को सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए रिकॉर्ड करते देखा गया।

अग्रणी मल्टीप्लेक्स चेन (श्रृंखला) आईनॉक्स लीजर लिमिटेड और पीवीआर सिनेमाज भारत द्वारा विश्व कप 2022 में खेले जाने वाले सभी मैच की स्क्रीनिंग देश भर के अपने सिनेमा हॉल में कर रहे हैं। इस संबंध में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के साथ एक समझौते के बाद आईनॉक्स लीजर ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह टीम इंडिया द्वारा खेले जाने वाले सभी ग्रुप मैच का प्रदर्शन करेगी, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैच होगा।

आईनॉक्स लीजर लिमिटेड के मुख्य प्रोग्रामिंग अधिकारी राजेंद्र सिंह ज्याला ने कहा कि क्रिकेट मैच की स्क्रीनिंग कोई ‘‘नया चलन नहीं है’’, यह एक अत्यधिक लाभदायक उद्यम है। उन्होंने कहा कि भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर हर बार सबकी नजरें टिकी होती हैं और रविवार के मैच के लिए परिदृश्य अलग नहीं था। सिनेमा हॉल में शो ‘‘हाउसफुल’’ थे।

ज्याला ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘अतीत में हमने क्रिकेट और फुटबॉल मैच दिखाए हैं। यह आईसीसी या फीफा (इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन फुटबॉल) द्वारा निर्धारित किया जाता है या जब भी उनके टूर्नामेंट होते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)