देश की खबरें | एल्विश यादव को पूछताछ के लिए रोका गया, कोटा पुलिस ने शुरुआती पूछताछ के बाद जाने दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. यूट्यूबर एल्विश यादव को राजस्थान के कोटा में शनिवार शाम उस वक्त पूछताछ के लिए रोका गया, जब वह अपने दोस्तों के साथ कार में यात्रा कर रहा था। हालांकि बाद में उन्हें जाने की इजाजत दे दी गई।
कोटा, चार नवंबर यूट्यूबर एल्विश यादव को राजस्थान के कोटा में शनिवार शाम उस वक्त पूछताछ के लिए रोका गया, जब वह अपने दोस्तों के साथ कार में यात्रा कर रहा था। हालांकि बाद में उन्हें जाने की इजाजत दे दी गई।
सुकेत पुलिस थाने के प्रभारी विष्णु सिंह ने कहा कि नियमित जांच के दौरान एक कार को रोका गया, जिसमें तीन या चार लोग यात्रा कर रहे थे और उनमें से एक ने अपनी पहचान एल्विश यादव के रूप में बताई।
उन्होंने कहा कि पता चला कि उसके खिलाफ नोएडा में मामला दर्ज है, इसलिए नोएडा पुलिस से संपर्क किया गया। सिंह ने कहा कि नोएडा पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मामले की जांच चल रही है और वह वांछित नहीं है।
सिंह ने कहा, “उन्होंने कहा कि वह (एल्विश) वांछित नहीं है और मामले की जांच चल रही है...इसलिए उसे जाने की इजाजत दे दी गई।”
अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि नोएडा पुलिस ने रेव पार्टियों में सांप के जहर के कथित इस्तेमाल को लेकर रियलिटी टेलीविजन शो “बिग बॉस” के विजेता एल्विश यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
यादव ने आरोपों का खंडन किया और जांच में पुलिस के साथ सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की।
नोएडा के पुलिस उपायुक्त (प्रभारी) राम बदन सिंह ने कहा, “वन अधिकारियों और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।” उन्होंने बताया कि सांप का 20 मिलीलीटर जहर जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त एल्विश यादव नोएडा के बैंक्वेट हॉल में मौजूद नहीं था।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है और मामले में यूट्यूबर की भूमिका की जांच करेगी, जिसके बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)