देश की खबरें | ओडिशा के संबलपुर में ट्रेन से कुचलकर हाथी की मौत, इंजन की ट्रॉलियां पटरी से उतरीं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भुवनेश्वर, 21 दिसंबर ओडिशा के संबलपुर जिले में सोमवार तड़के ट्रेन से कुचलकर एक हाथी की मौत हो गई, जिसके चलते ट्रेन के इंजन की अग्रिम ट्रॉलियां पटरी से उतर गईं। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि घटना में ट्रेन में सवार कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।

पूर्वीय तटीय रेलवे (ईसीआर) के एक अधिकारी के अनुसार हाथियों के गलियारे से 50 किलोमीटर की रफ्तार से गुजर रही पुरी-सूरत एक्सप्रेस ने हाथीबाड़ी और मानेश्वर रेलवे स्टेशनों के बीच भवानीपाली गांव में देर रात करीब 2 बजकर 4 मिनट पर हाथी को टक्कर मार दी।

सूरत जाने वाली यह ट्रेन 1 बजकर 55 मिनट पर हाथीबाड़ी से रवाना हुई थी।

संबलपुर के संभागीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) प्रदीप कुमार घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

इसके बाद ट्रेन को वापस हाथीबाड़ी स्टेशन ले जाकर उसका इंजन बदला गया।

ईसीआर के अधिकारी ने कहा कि पुरी-सूरत एक्स्प्रेस सुबह करीब 7 बजकर 26 मिनट पर हाथीबाड़ी से रवाना हुई।

उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना से पुरी-दुर्ग एक्सप्रेस और कोरापुट-भुवनेश्वर विशेष ट्रेन प्रभावित हुई हैं।

डीआरएम ने कहा कि मामले की जांच के लिये पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।

इसके अलावा राज्य के वन विभाग की एक टीम ने भी यह पता लगाने के लिये जांच शुरू कर दी है कि हाथी की मौत किन परिस्थतियों में हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)