देश की खबरें | अयोध्या में दीपोत्सव मनाने के लिए बेसब्री से इंतजार, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भगवान राम की जन्मस्थली, मंदिरों के शहर अयोध्या में रामायण और रामचरित मानस के लोकप्रिय भजनों, चौपाइयों और दोहों के गायन के बीच स्थानीय लोग और पर्यटक दीपोत्सव समारोह के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसके अंतर्गत मिट्टी के लगभग 18 लाख दिए जलाए जाने की उम्मीद है।
अयोध्या, 23 अक्टूबर भगवान राम की जन्मस्थली, मंदिरों के शहर अयोध्या में रामायण और रामचरित मानस के लोकप्रिय भजनों, चौपाइयों और दोहों के गायन के बीच स्थानीय लोग और पर्यटक दीपोत्सव समारोह के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसके अंतर्गत मिट्टी के लगभग 18 लाख दिए जलाए जाने की उम्मीद है।
दीपोत्सव हेतु दीये सजाने के लिए स्वयंसेवक सुबह ही राम की पैड़ी के पास पहुंचने लगे और पुलिस जांच से गुजरने के लिए उन्हें कतारबद्ध देखा गया। लता मंगेशकर चौराहे के पास एक टावर से दो पुलिसकर्मी राम की पैड़ी के आसपास के घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहे थे।
हनुमानगढ़ी से राम की पैड़ी तक जाने वाली सड़क पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं और बड़ी संख्या में लोग दीपोत्सव देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
अयोध्या में दीपावली समारोह के अंतर्गत आज यहां भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मौके पर मोदी का स्वागत और अभिनंदन करेंगे।
इस बीच योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह ट्वीट किया, 'भारत की अस्मिता एवं सनातन आस्था के मान-बिंदुओं के पुरातन गौरव को सतत पुनर्स्थापित कर रहे यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी का प्रभु श्री राम एवं माता जानकी के पावन धाम श्री अयोध्या जी में आयोजित 'भव्य-दिव्य दीपोत्सव-2022' में हृदय से स्वागत-अभिनंदन।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दीपोत्सव समारोह में भाग लेने के लिए यहां होंगे, जिसमें मिट्टी के लगभग 18 लाख दीपक जलाए जाने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिवाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या जाएंगे और राम मंदिर में "दर्शन" एवं "पूजन" करेंगे। बयान के अनुसार वह रामलला विराजमान की पूजा-अर्चना करेंगे और रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।
बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री रविवार शाम को भगवान श्री रामलला विराजमान की पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद वह तीर्थ क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का मुआयना करेंगे।
इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री करीब पौने छह बजे भगवान राम का ‘‘राज्याभिषेक’’ करेंगे और इसके बाद वह सरयू नदी के किनारे नए घाट पर आरती भी करेंगे तथा दीपोत्सव समारोह में भाग लेंगे।
बयान के मुताबिक दीपोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों के विभिन्न नृत्य रूपों के साथ पांच एनिमेटेड झांकियां और 11 रामलीला झांकियां भी प्रदर्शित की जायेंगी।
प्रधानमंत्री भव्य म्यूजिकल लेजर शो के साथ-साथ सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी देखेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा था, "श्री अयोध्या जी तैयार हैं, भव्य और दिव्य दीपोत्सव के लिए--- आप सभी का स्वागत है। जयश्री राम।'
उन्होंने 'दीपोत्सव' अयोध्या 2022 का नया ‘लोगो’ (प्रतीक चिह्न) भी ट्वीट में साझा किया।
अयोध्या संभाग के मंडलायुक्त नवदीप रिनवा ने 'पीटीआई-' को बताया कि 'राम की पैड़ी में 22,000 से अधिक स्वयंसेवकों द्वारा 15 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)