इंदौर, पांच नवंबर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों में टिकट बंटवारे को लेकर राज्य की कांग्रेस इकाई में किसी भी फूट से रविवार को इनकार किया और कहा कि बिखराव तो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में है।
भाजपा लगातार दावा कर रही है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के बीच टिकट बंटवारे को लेकर मतभेद है। इस बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पचौरी ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं में एकता है जो आगे भी बनी रहेगी, मगर भाजपा में बिखराव जरूर है जो उनका अपना मामला है।’’
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस बारे में कोई भी टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे कि विधानसभा चुनावों के दौरान शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल और कैलाश विजयवर्गीय जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं के बीच क्या चल रहा है?
पचौरी ने कहा,"भाजपा को आखिर क्या जरूरत पड़ गई कि उसने केंद्रीय मंत्रिमंडल में अहम पद संभाल रहे नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ने भेज दिया? क्या ये नेता मंत्री पद ठीक से नहीं संभाल पा रहे थे या भाजपा को सूबे में चुनाव लड़ने के लिए ठीक-ठाक उम्मीदवार नहीं मिल पा रहे थे?"
भाजपा द्वारा प्रदेश विधानसभा चुनावों में राम मंदिर मुद्दे को भुनाने की कोशिश पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भी इच्छा रही है कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर उनका मंदिर बने, लेकिन पार्टी का मत था कि दोनों पक्षों की आपसी सहमति के आधार पर इस मसले का समाधान निकाला जाए या इस मामले में अदालत फैसला सुनाए।
पचौरी ने कहा,"जब इस मामले में शीर्ष अदालत ने फैसला सुनाया, तो कांग्रेस ने इस निर्णय का स्वागत किया था।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY