देश की खबरें | मादक पदार्थ जब्ती मामला : एनआईए ने तीन राज्यों के आठ ठिकानों की ली तलाशी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने हेरोइन जब्ती मामले को लेकर मंगलवार को पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के आठ ठिकानों की तलाशी ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, सात नवंबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने हेरोइन जब्ती मामले को लेकर मंगलवार को पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के आठ ठिकानों की तलाशी ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले साल 24 अप्रैल को अमृतसर के अटारी में स्थापित एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) पर हेरोइन सहित मादक पदार्थ जब्त किए जाने के मामले में संलिप्त व्यक्तियों के आवासों और कार्यालयों की तलाशी ली गई।
अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ मुलेठी की खेप में छिपाकर लाई जा रही थी जो अफगानिस्तान से भेजी गई थी।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में सीमा शुल्क विभाग ने मामला दर्ज किया और पिछले साल 30 जुलाई को एनआईए ने दोबारा मामला दर्ज किया। इसका उद्देश्य न केवल मादक पदार्थ जब्ती की जांच करनी थी बल्कि ‘‘ इस अवैध मादक पदार्थ कारोबार’’ से जुड़े गिरोह में विभिन्न कंपनियों और व्यक्तियों की भूमिका का भी पता लगाना था।
एनआईए ने शुरुआती जांच पूरी करने के बाद चार संदिग्धों राजी हैदर जैदी, शाहिद अहमद जिसे काजी अब्दुल वदूद के नाम से भी जाना जाता है और नजीर अहमद क्वानी (तीन अफगान नागरिक) और विपुल मित्तल के खिलाफ 16 दिसंबर 2022 को आरोप पत्र दाखिल किया।
प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर ली गई तलाशी में दस्तावेज और डिजिटल उपकरण सहित अपराध में संलिप्तता का संकेत करने वाली सामग्री मिली है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)