विदेश की खबरें | म्यामां में महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोगों की हत्या : रिपोर्ट

बैंकाक, 25 दिसंबर (एपी) म्यामां में सरकारी बलों ने गांव वासियों को गिरफ्तार कर करीब 30 लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी और शवों को आग लगा दी । माना जा रहा है कि मारे गये लोगों में कुछ बच्चे और महिलायें भी शामिल हैं। एक चश्मदीद और अन्य रिपोर्टों से शनिवार को इसकी जानकारी मिली है ।

म्यामां के काया प्रदेश के हप्रुसो शहर के बाहरी इलाके में स्थित मो सो गांव में हुयी इस हत्याकांड की कथित तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसके बाद सत्ता पर काबिज सेना के खिलाफ लोगों में आक्रोष फैल गया है। मो सो गांव में ये शरणार्थी सेना के हमले से बचने के लिये शरण लिये हुये थे ।

सोशल मीडिया खातों को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है । लेकिन वायरल तस्वीरों में तीन वाहनों में 30 से अधिक जले शवों को देखा जा सकता है।

मौके पर जाने का दावा करने वाले एक ग्रामीण ने बताया कि मो सो के पास स्थित कोइ नागन गांव के निकट सशस्त्र विरोधी बल और म्यामां की सेना के बीच संघर्ष से बचने के लिये शुक्रवार को भाग गये थे । ग्रामीण ने बताया कि सेना के जवानों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और इसके कुछ देर बाद उनकी हत्या कर दी।

उनकी गिरफ्तारी उस वक्त हुयी जब वह शरणार्थी शिविरों की ओर जा रहे थे ।

एपी रंजन उमा

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)