देश की खबरें | पंजाब व हरियाणा में उत्साह से मनाई गई दिवाली, पत्नी के साथ मान गुरुद्वारे गए

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर पंजाब और हरियाणा में सोमवार को रोशनी का पर्व दिवाली हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। चंडीगढ़ और दोनों राज्यों -पंजाब एवं हरियाणा के गुरुद्वारों एवं मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए आए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली के गुरुद्वारा अम्ब साहिब में मत्था टेका। उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर भी इस दौरान उनके साथ थीं। मान ने सड़क किनारे एक विक्रेता से कुछ दीये भी खरीदे।

दोनों प्रदेशों के शहर मोमबत्तियों, दीयों और बिजली की रोशनी से जगमगा रहे थे वहीं लोग अपने सगे-संबंधियों व मित्रों के घर गए और मिठाइयों एवं उपहारों का आदान-प्रदान किया। बाजारों में भी लोगों की भी भीड़ थी जो अंतिम समय की खरीदारी में शामिल थे। दिवाली का सामान और मिठाइयों की दुकानों में विशेष रौनक दिखी।

इस बीच अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए, दोनों राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में सुरक्षा बढा दी गई है।

अमृतसर के प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही जो सुबह से शुरू हुई और शाम तक बनी रही। श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी।

दिवाली पर ही पूरे पंजाब में 'बंदी छोड दिवस' भी मनाया गया। यह त्योहार 1620 में मुगलों की जेल से 52 राजाओं के साथ सिखों के छठे गुरु गुरु हरगोबिंद की ऐतिहासिक रिहाई की याद में मनाया गया है।

ऐतिहासिक दस्तावेज के अनुसार, रिहाई के बाद गुरु हरगोबिंद सीधे स्वर्ण मंदिर गए थे और लोगों ने पूरे शहर में दीयों से रोशनी कर उनका स्वागत किया था।

पंजाब सरकार ने दिवाली पर पटाखे चलाने के लिए रात में 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का समय दिया है वहीं हरियाणा सरकार ने राज्य में सिर्फ हरित पटाखों की अनुमति दी है। चंडीगढ़ में हरे पटाखों के लिए अनुमति दी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)