देश की खबरें | चुनाव की तैयारियों पर ध्यान देने के लिये ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष ने इस्तीफा दिया

भुवनेश्वर, आठ नवंबर ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष रजनीकांत सिंह ने बुधवार को ‘व्यक्तिगत कारणों’ का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया।

हालांकि, बीजद के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे क्योंकि राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव कुछ महीनों में होने वाले हैं।

सिंह ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक को सौंपा ।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं राजनीतिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहा हूं क्योंकि चुनाव नजदीक हैं।’’ उन्होंने कहा कि अब वह पार्टी को अधिक समय दे सकेंगे और लोगों से संपर्क साध सकेंगे।

जून 2019 में ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किये जाने से पहले सिंह राज्य की नवीन पटनायक सरकार में इस्पात एवं खान मंत्री के पद पर थे।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी, अंगुल निर्वाचन क्षेत्र से चार बार के विधायक ने कहा कि यह बीजद अध्यक्ष को तय करना है।

पूर्व मंत्री एपी सिंह के बेटे रजनीकांत सिंह प्रदेश के ढेंकनाल जिले में एक लोकप्रिय नेता हैं।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के 2024 में ढेंकनाल या संबलपुर लोकसभा सीट से लड़ने की अटकलों के बीच पार्टी के काम में रजनीकांत सिंह की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इससे पहले, इस साल मई में, गंजम जिले से तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष बी के अरुखा ने पद से इस्तीफा दे दिया था और उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था।

विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर रहने वाले लोग सरकार या पार्टी के लिए काम नहीं कर सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)