देश की खबरें | वक्फ कानून के खिलाफ भोपाल में प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक ने कहा: नहीं मानेंगे कानून
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस विधायक और ‘ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी)’ के सदस्य आरिफ मसूद के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को यहां नये वक्फ कानून के खिलाफ एक प्रदर्शन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
भोपाल, 10 अप्रैल कांग्रेस विधायक और ‘ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी)’ के सदस्य आरिफ मसूद के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को यहां नये वक्फ कानून के खिलाफ एक प्रदर्शन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में दो घंटे के सांकेतिक और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के बाद मसूद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एआईएमपीएलबी ने पहले भी इसका विरोध किया था और आज भी वह इसके विरोध में है।
उन्होंने कहा,‘‘हम इस कानून को मानने के लिए तैयार नहीं हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि यह कानून वक्फ की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि सरकार की संपत्तियां मुक्त कराने के लिए लाया गया है।
मसूद ने कहा कि दो घंटे का सांकेतिक विरोध केंद्र के उस कानून के खिलाफ है जो यह दर्शाने की कोशिश करता है कि वह वक्फ की हिमायत में है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कानून का वक्फ से कोई लेना-देना नहीं है। इससे वक्फ को कोई फायदा नहीं है।’’
कांग्रेस विधायक ने यह भी कहा कि एआईएमपीएलबी हर स्तर पर इस कानून का विरोध करेगा।
उन्होंने कहा कि इस कानून के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का भी रुख किया जाएगा क्योंकि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब तक सरकार इस कानून को वापस नहीं लेती, हम लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।’’
संसद के दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद गत बृहस्पतिवार को लोकसभा ने और शुक्रवार को राज्यसभा ने वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित कर दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को विधेयक को अपनी सहमति दे दी।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)