देश की खबरें | दिल्ली को चिकित्सा पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार की योजना शहर को ‘‘वैश्विक चिकित्सा पर्यटन केंद्र’’ के रूप में विकसित करने की है।

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार की योजना शहर को ‘‘वैश्विक चिकित्सा पर्यटन केंद्र’’ के रूप में विकसित करने की है।

गुप्ता ने सर गंगा राम अस्पताल के 70वें स्थापना दिवस समारोह में इस अस्पताल को ‘‘सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्टता का जीवंत उदाहरण’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस संस्थान ने 1921 में लाहौर से अपनी यात्रा शुरू की और 1954 में दिल्ली में इसे फिर से स्थापित किया गया। इसने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान अर्जित किया है।’’

गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देने में विफल रही।

उन्होंने कहा, ‘‘समय पर इलाज न मिल पाने के कारण महामारी के दौरान कई लोगों की जान चली गई। उस समय की सरकार निष्क्रिय रही लेकिन इस अस्पताल के डॉक्टर आशा की किरण बनकर खड़े रहे।’’

गुप्ता ने कहा कि सरकार ‘‘हर शहरवासी के लिए समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। स्वस्थ दिल्ली एक आत्मनिर्भर भारत की नींव है।’’

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस साल के बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 12,893 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

उन्होंने कहा कि इसमें से 2,144 करोड़ रुपये आयुष्मान भारत योजना के कार्यान्वयन के लिए निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार 24 नए अस्पताल बनाने, 16,000 से अधिक नए बिस्तर लगाने और शहर भर में 400 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र स्थापित करने की भी योजना बना रही है, जिन्हें आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में भी जाना जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य दिल्ली को चिकित्सा उपचार के लिए एक वैश्विक गंतव्य बनाना है। चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने से न केवल चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार होगा बल्कि समग्र आर्थिक पारिस्थितिकी तंत्र भी मजबूत होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now