देश की खबरें | दिल्ली में सुहाना रहा मौसम; मानसून के समय पर पहुंचने की संभावना : मौसम विभाग

नयी दिल्ली, 20 जून सोमवार को दिल्ली के लोगों की शुरुआत सुहानी सुबह से हुई और शहर में ज्यादातर जगहों पर तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

सफदरजंग वेधशाला ने दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य औसत से छह डिग्री नीचे था। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो, 17 जून, 2013 के बाद से अभी तक जून में सबसे कम तापमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग में अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है और 26 जून तक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।

शहर में मंगलवार को तूफानी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून अपनी सामान्य तारीख 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंचेगा और जून के अंत तक बारिश की कमी पूरी हो जाएगी।

दिल्ली में पिछले तीन दिनों से जारी मानसून पूर्व बारिश से वर्षा की कमी में कुछ पूर्ति हुई है और यह घटकर 34 फीसदी रह गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)