देश की खबरें | वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंचने पर दिल्ली कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने मास्क बांटे

नयी दिल्ली, चार नवंबर कांग्रेस की दिल्ली इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सभी जिलों में लोगों को वायु प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क वितरित किये। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को पार करने पर केंद्र और दिल्ली सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस वायु प्रदूषण के मुद्दे को रेखांकित करने के लिए धरना-प्रदर्शन नहीं करेगी, क्योंकि पार्टी इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहती है, बल्कि ऐसे संकट में लोगों की मदद करने के वास्ते जिम्मेदारी से काम करेगी।

लवली ने कहा, “कांग्रेस ने बड़ी संख्या में लोगों को मास्क का वितरण शुरू किया है, क्योंकि अत्यधिक जहरीली हवा खतरनाक अस्थमा और सांस की बीमारियों का कारण बन रही थी, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में, लेकिन दोनों सरकारें उनकी मुश्किलें दूर करने को कोई कार्रवाई नहीं कर रही हैं।”

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पूरा साल राजनीतिक नौटंकियों में बर्बाद करने के बाद दोनों सरकारें प्रदूषण के खतरों के प्रति तभी जागती हैं, जब सर्दी शुरू होती है।

वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जेजे क्लस्टर में रहने वाले गरीबों को मास्क बांटेंगे, क्योंकि वे अन्य लोगों के मुकाबले जहरीली हवा के ज्यादा संपर्क में आ रहे हैं।

इस बीच, लवली ने 10,000 से अधिक डीटीसी और क्लस्टर बस मार्शल के पांच महीने के बकाया वेतन का भुगतान करने के दिल्ली सरकार के फैसले की सराहना की, जो अपने बकाया वेतन और अपनी नौकरियों को नियमित करने की मांग को लेकर दिल्ली सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे हैं।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली कांग्रेस द्वारा बस मार्शल को न्याय की लड़ाई में खुला समर्थन देने के वादे के बाद प्रशासन को उनके बकाया वेतन का भुगतान करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)