देश की खबरें | दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सुधार की जरूरत पर जोर दिया

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए अधिकारियों को पूरे शहर में लगभग चार हजार ऐसे स्थानों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा है जहां इसकी खराब स्थिति है।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे स्थानों पर उचित प्रकाश व्यवस्था की जा रही है, क्योंकि इन्हें संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, खासकर महिलाओं के लिए।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए गुप्ता ने सार्वजनिक सुरक्षा, परिवहन और आश्रय बुनियादी ढांचे से संबंधित प्रमुख चिंताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए शहरभर में व्यापक सुधार का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा में सुधार पर विशेष जोर दिया।

बयान में कहा गया कि बैठक में अधिकारियों ने शहर में 129 ‘‘मोबाइल डार्क स्पॉट’’ (कमजोर मोबाइल नेटवर्क वाले क्षेत्र) को चिह्नित किया।

इसमें कहा गया है कि इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने दूरसंचार कंपनियों और संबंधित विभागों को उन स्थानों पर संपर्क (कनेक्टिविटी) में सुधार करने का निर्देश दिया ताकि त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

इस बीच लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार सिविल लाइंस और सिग्नेचर ब्रिज के बीच के क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करने के लिए उत्तरी दिल्ली में 183 करोड़ रुपये की लागत से एक नया फ्लाईओवर बनाएगी।

योजना के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सिविल लाइंस ट्रॉमा सेंटर और डीआरडीओ कार्यालय के पास से 680 मीटर लंबा छह लेन वाला फ्लाईओवर बनाएगा।

वर्मा ने कहा, ‘‘यह फ्लाईओवर राष्ट्रीय राजधानी में आधुनिक, कुशल और यात्री-अनुकूल सड़क नेटवर्क बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह परियोजना उत्तरी दिल्ली के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक पर भीड़भाड़ कम करने में मदद करेगी। हमारा लक्ष्य यात्रा के समय में सुधार करना, मुख्य सड़कों पर भीड़भाड़ कम करना और शहरभर में बेहतर गतिशीलता सुनिश्चित करना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)