नयी दिल्ली, 11 अप्रैल दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद के निर्वाचन क्षेत्र जनकपुरी में बिजली कटौती को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच शुक्रवार को आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया।
‘आप’ ने शुक्रवार को दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए आरोपों को ‘‘झूठा राजनीतिक विमर्श’’ करार दिया।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने जनकपुरी के महावीर एन्क्लेव का दौरा किया और रोजाना लंबे समय तक बिजली कटौती से परेशान लोगों से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि गर्मी के चरम पर पहुंचने से पहले ही बिजली कटौती भाजपा सरकार द्वारा बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में विफलता को उजागर करती है।
आतिशी ने सवाल किया, ‘‘यह दिल्ली का कोई सुदूर इलाका नहीं है - यह ऊर्जा मंत्री का निर्वाचन क्षेत्र है। अगर यहां यह हाल है, तो शहर के बाकी हिस्सों में क्या हो रहा होगा?’’ उन्होंने कहा कि बीमार लोग, बुजुर्ग निवासी और बच्चे बिजली कटौती का खामियाजा भुगत रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बिना किसी पूर्व सूचना के दिन में कई घंटे बिजली कटौती किये जाने की शिकायत की।
एक निवासी ने कहा, ‘‘हमें भाजपा को वोट देने का अफसोस है। (पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद) केजरीवाल ही बेहतर थे।’’ एक अन्य निवासी ने कहा, ‘‘इनवर्टर और हाथ के पंखे का युग वापस आ गया है। हमें 10 साल पहले भी ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा था।’’
बुजुर्ग महिलाओं ने आतिशी से कहा कि एक समय था जब बिजली की निर्बाध आपूर्ति आम बात थी, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद से यह बदल गया है।
वहीं, आरोपों का जवाब देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ‘आप’ पर सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल, आतिशी और सौरभ भारद्वाज जानबूझकर लोगों को गुमराह करने और भाजपा की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वे महिला समृद्धि योजना और स्कूल फीस वृद्धि जैसे मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करने में विफल रहे हैं, इसलिए अब वे राजनीतिक लाभ के लिए बिजली कटौती के मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY