मुंबई, छह नवंबर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक दवा कंपनी की फैक्टरी में भीषण आग लगने के तीन बाद बाद सोमवार को चार और शव मिलने के साथ ही इस घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इसी के साथ, सभी 11 लापता व्यक्तियों के शव मिल गये हैं।
यहां से लगभग 170 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रायगढ़ जिले के एमआईडीसी महाड में दवा कंपनी ब्लू जेट हेल्थकेयर की फैक्टरी में शुक्रवार सुबह 11 बजे आग लगी थी जिसके बाद 11 लोगों के लापता होने की खबर सामने आयी थी।
अधिकारी के अनुसार तलाशी एवं बचाव कर्मियों ने फैक्टरी परिसर से चार और शव बरामद किये हैं जिसके साथ ही मृतकों की संख्या 11 हो गयी है।
उन्होंने बताया कि शव इतने जले हुए हैं कि उनकी पहचान नहीं की जा सकी, एक मामले में तो बस कंकाल ही बचा हुआ है।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ के कर्मियों द्वारा चलाया जा रहा तलाश एवं बचाव अभियान सोमवार शाम को बंद कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शॉट सर्किट से आग लगी जिसमें सात अन्य झुलस भी गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY