देश की खबरें | दलाई लामा ने नेपाल में भूकंप से लोगों की मौत पर शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल 'प्रचंड' को पत्र लिखकर हाल में आए भूकंप में जानमाल की क्षति पर शोक व्यक्त किया है।

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), छह नवंबर तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल 'प्रचंड' को पत्र लिखकर हाल में आए भूकंप में जानमाल की क्षति पर शोक व्यक्त किया है।

नेपाल के पश्चिमी इलाके में शुक्रवार रात को भूकंप के काफी तेज झटके महसूस किए गए थे।

दलाई लामा ने कहा कि वह भूकंप प्रभावित नेपाल में जारी राहत और बचाव कार्यों के लिए दान देना चाहते हैं।

उन्होंने नेपाली प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘‘ मैं उन लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस भूकंप में अपने प्रियजनों को खो दिया है। इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

दलाई लामा के कार्यालय की ओर से साझा किए गए पत्र के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि इस आपदा से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए आपकी सरकार और संबंधित एजेंसियों द्वारा सब कुछ किया जा रहा है।’’

तिब्बती आध्यात्मिक गुरु ने कहा, ‘‘नेपाल के लोगों के साथ अपनी एकजुटता के प्रतीक के रूप में, मुझे उम्मीद है कि मैं बचाव और राहत प्रयासों के लिए दान देने में सक्षम हो सकूंगा। ’’

नेपाल में शुक्रवार देर रात आए 6.4 तीव्रता के भूकंप में अब तक 157 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 250 से अधिक घायल हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक भूकंप के कारण नेपाल के जाजरकोट और रुकुम पश्चिम जिलों में भीषण तबाही हुई है और करीब आठ हजार मकानों को क्षति पहुंची है, जिनमें सार्वजनिक तथा निजी मकान शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now