
नयी दिल्ली, दो अगस्त रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा को बताया कि दिल्ली-मुंबई मार्ग पर वर्तमान में 31 जोड़ी मेल व एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं।
उच्च सदन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्य बाबूभाई जेसंगभाई देसाई की ओर से पूछे गए एक सवाल के लिखित सवाल में उन्होंने यह जानकारी दी।
देसाई ने सवाल किया था कि क्या भुसावल के रास्ते दिल्ली से मुंबई तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का सरकार का प्रस्ताव है।
वैष्णव ने जवाब में कहा, ‘‘29 जुलाई, 2024 की स्थिति के अनुसार 102 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। ये ब्रॉड गेज (बीजी) विद्युतीकृत नेटवर्क वाले राज्यों को जोड़ती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में, दिल्ली-मुंबई खंड पर 31 जोड़ी मेल व एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही हैं।’’
उनके मुताबिक इनमें 12171/72 लोकमान्य तिलक (टी)-हरिद्वार एक्सप्रेस, 12617/18 एर्नाकुलम-हजरत निजामुद्दीन मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस, 12137/38 छत्रपति शिवाजी महाराज (टी)-फिरोजपुर कैंट की सेवाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पंजाब मेल और 11057/58 छत्रपति शिवाजी महाराज (टी)-अमृतसर एक्सप्रेस, भुसावल के रास्ते चल रही है।
रेल मंत्री ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों को चलाना भारतीय रेलवे की एक सतत प्रक्रिया है, जो यातायात औचित्य, परिचालन व्यवहार्यता, संसाधन उपलब्धता आदि पर निर्भर करती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)