देश की खबरें | माकपा फलस्तीन के लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए केरल में कार्यक्रम आयोजित करेगी

तिरुवनंतपुरम, पांच नवंबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के केरल सचिव एम.वी. गोविंदन ने रविवार को कहा कि पार्टी राज्य भर में फलस्तीनी लोगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगी।

गोविंदन ने विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने इस मुद्दे पर अपना रुख कमजोर कर लिया है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग(आईयूएमएल) ने 11 नवंबर को माकपा की रैली के लिए समर्थन व्यक्त किया था, लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व वाले मोर्चे का हिस्सा होने के चलते कुछ कठिनाइयों के कारण वह इसमें भाग नहीं ले रही है।

वरिष्ठ वामपंथी नेता ने दावा किया कि कांग्रेस का फलस्तीन के लोगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने का कोई इरादा नहीं है, जो हाल ही में इस तरह के एक कार्यक्रम में भाग लेने वाले अपने नेता आर्यदन शौकत को जारी किए गए ‘कारण बताओ नोटिस’ से स्पष्ट हो गया है।

इस बीच, विपक्षी दल के नेता एवं वरिष्ठ कांग्रेसी वी.डी. सतीशन ने आज इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि माकपा राजनीतिक लाभ के लिए फलस्तीन मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है।

आईयूएमएल ने शनिवार को कहा था कि वह युद्ध से तबाह फलस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कोझिकोड में होने वाली माकपा की रैली में हिस्सा नहीं लेगी।

आईयूएमएल के नेताओं ने रैली में आमंत्रित करने के लिए आभार व्यक्त किया, लेकिन बताया कि वे कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) का हिस्सा हैं और इस तरह, तकनीकी रूप से इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकते।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)