देश की खबरें | कांग्रेस ने रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर कांग्रेस ने रसोई गैस की कीमत में वृद्धि को लेकर बुधवार को सरकार पर निशाना साधा और यह कहते हुए बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की कि कोरोना महामारी और आर्थिक संकट के समय देश के आम लोगों को राहत मिले।

पार्टी ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में बहुत ज्यादा गिरावट आई हैं तो फिर सरकार को मुनाफा कमाने के बजाय देश की जनता को इसका फायदा पहुंचाना चाहिए।

यह भी पढ़े | Farmers Protest: शिवराज सिंह का कमलनाथ और दिग्विजय पर निशाना, कहा-अरे तुमने तो पाप किया है, भूखे रहो लेकिन प्रायश्चित करने के लिए.

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘किसके अच्छे दिन मोदी जी? बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस के दाम 15 दिन में 100 रुपये बढ़े। सब्सिडी वाला सिलेंडर 16 मई, 2014 को 412 रुपये का था और आज 595.86 रुपये का है। इसमें बढ़ोतरी करीब 184 रुपये की हुई। इसी तरह बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर एक अगस्त 2019 को 574.50 रुपये थो जो 694 रुपये का है। इसमें बढ़ोतरी 120 रुपये की हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुनाफ़ाख़ोर भाजपा सरकार, जनता के बजट पर वार।’’

यह भी पढ़े | उप्र में जेल के कैदी बना रहे गायों के लिए कोट.

पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सिलेंडर की कीमत बढ़ाने का आम घरों और गृहणियों के बजट पर असर होता है। इस सरकार की ओर से बार-बार बढ़ोतरी किए जाने से आज गृहणियां से चूल्हा फूंकने को मजबूर हैं।’’

उन्होंने सवाल किया कि भाजपा की वो महिला नेता कहां गईं जो कांग्रेस की सरकार के समय रसोई गैस के दाम बढ़ने पर सिलेंडर लेकर बैठती थीं?

सुप्रिया ने कहा, ‘‘क्या मुनाफा सिर्फ सरकार का होगा और कष्ट आम लोग झेलेंगे? ऐसा क्यों? अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमत गिर गई है तो इसका फायदा तो आम लोगों को मिलना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि आम लोगों को इस महामारी और आर्थिक संकट के समय राहत दीजिए। बढ़े दाम को वापस लीजिए।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)