नयी दिल्ली, आठ मार्च उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को यहां भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात से पहले रावत ने पार्टी के राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी के साथ बैठक की थी।
नड्डा से लगभग 40 मिनट की मुलाकात के बाद रावत ने पत्रकारों के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और दिल्ली स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
हालांकि उत्तराखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि ना तो पार्टी की ओर से विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है और ना ही मुख्यमंत्री को लेकर पार्टी या कार्यकर्ताओं के बीच कोई नाराजगी है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से गलत है कि मुख्यमंत्री को लेकर किसी भी प्रकार की कोई नाराजगी है।’’
रावत की नड्डा से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि उत्तराखंड चुनावी वर्ष में प्रवेश कर रहा है, इसलिए बैठकों का होना एक प्रक्रिया है। पार्टी में विचार-विमर्श की प्रक्रिया लगातार चलती रहती है।’’
राज्य में नेतृत्व परिवर्तन संबंधी खबरों के बारे में पूछे जाने पर चौहान ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है और उसमें एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फैसले होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी का संसदीय बोर्ड इसके लिए अधिकृत है और इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता।’’
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रावत मंगलवार को पूर्वाह्न 10-11 बजे के करीब दिल्ली से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
रावत और नड्डा की यह मुलाकात पिछले दो दिनों से उत्तराखंड में चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद हुई है जब भाजपा उपाध्यक्ष रमन सिंह और महासचिव व राज्य के प्रभारी दुष्यंत गौतम बिना किसी तय कार्यक्रम के पिछले दिनों देहरादून पहुंचे और राज्य के कोर समूह के नेताओं की बैठक की।
भाजपा सांसद और उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता अजय भट्ट ने पीटीआई- को बताया कि पार्टी में ‘‘सब कुछ ठीक है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY