देश की खबरें | हिमाचल के डीजीपी को 'बदनाम' करने के आरोपी व्यवसायी पर मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को कथित रूप से बदनाम करने पर एक कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिमला, छह नवंबर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को कथित रूप से बदनाम करने पर एक कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
व्यवसायी ने पुलिस को कानूनी नोटिस भेजकर डीजीपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है और अपने परिवार और संपत्ति को खतरा बताया है।
डीजीपी ने अपनी शिकायत में कहा है कि पालमपुर निवासी होटल संचालक निशांत शर्मा ने 29 अक्टूबर को उनके आधिकारिक ई-मेल पर अन्य अधिकारियों की प्रतियों के साथ एक पत्र भेजा जिसमें उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उनकी छवि खराब करने की मंशा से झूठे आरोप लगाए गए हैं।
व्यवसायी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 211 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया अपराध का झूठा आरोप), 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी), 499 (मानहानि) और 500 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
शर्मा ने शिमला के पुलिस अधीक्षक को दी गई अपनी शिकायत में अपने साझेदारों से उन्हें, उनके परिवार के सदस्यों और संपत्ति को खतरा होने का आरोप लगाया था और 25 अगस्त को गुरुग्राम में उन पर हिमाचल प्रदेश के दो प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा किए गए ‘क्रूर हमले’ की एक घटना का हवाला दिया था। इस घटना से जुड़े सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक पूर्व अधिकारी समेत कई लोगों की पहचान की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमले के बाद मैं कांगड़ा जिले के पालमपुर आया था, लेकिन डीजीपी ने मुझे अपने आधिकारिक नंबर से फोन किया और मुझे शिमला आने के लिए मजबूर किया और उसी दिन दो अपराधियों ने मुझे धर्मशाला के मैक्लोडगंज में रोका और मेरे ढाई साल के बच्चे और पत्नी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘मैं धर्मशाला में कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक के घर गया और उन्हें अपनी व्यथा से अवगत कराने के साथ उनसे शिकायत की, लेकिन अभी तक कुछ नहीं किया गया है।’’
शर्मा ने सोमवार को पालमपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर निराशा हुई कि उनके खिलाफ झूठा और मनगढ़ंत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच और डीजीपी समेत सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करता हूं। यही एकमात्र तरीका है जिससे आप जबरन वसूली करने वालों के इस पूरे गिरोह को पकड़ पाएंगे।’’
डीजीपी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि उन्होंने शर्मा के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है और वह उनके खिलाफ मानहानि का एक दिवानी मामला भी दर्ज कराएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)