कोयंबटूर (तमिलनाडु), 24 अक्टूबर तमिलनाडु पुलिस ने शहर में कार में विस्फोट की घटना की जांच सोमवार को तेज कर दी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में जेमिशा मुबीन के घर से एक बोरा ले जाते व्यक्तियों का एक समूह दिख रहा है। मुबीन उक्त विस्फोट में मारा गया था।
तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक सी सिलेंद्र बाबू ने रविवार को कहा था कि मुबीन के घर से देशी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले पोटैशियम नाइट्रेट सहित "कम तीव्रता" वाली विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस ने कहा कि घर के पास के सीसीटीवी फुटेज में पांच व्यक्ति शनिवार रात करीब 11.25 बजे मुबीन के घर से एक बोरा ले जाते हुए दिख रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे व्यस्त और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील उक्कदम इलाके में कोट्टई ईश्वरन मंदिर के पास कार में सिलेंडर विस्फोट हुआ।
पुलिस ने कहा कि इन पांच लोगों में से एक मुबीन हो सकता है, बाकी सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।
पुलिस इस सिलसिले में सात लोगों से पूछताछ कर रही है। विस्फोट के स्थान पर मोबाइल फोन का सिग्नल पाए जाने के आधार पर निकटवर्ती नीलगिरी जिले के कुन्नूर से एक ऑटो-रिक्शा चालक को पूछताछ के लिए यहां लाया गया है। पुलिस ने बताया कि कुन्नूर के ओट्टुपट्टराई का रहने वाला यह व्यक्ति पिछले चार महीने से वहां रह रहा था।
डीजीपी ने पहले कहा था कि रविवार को कार में गैस सिलेंडर फटने से मुबीन की जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया था कि वाहन में कील, पत्थर और कुछ अन्य सामान मिले हैं।
इस बीच, अन्नाद्रमुक के अंतरिम महासचिव और तमिलनाडु में विपक्ष के नेता के पलानीस्वामी ने मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना दुर्घटना थी या साजिश।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन पर निशाना साधते हुए पलानीस्वामी ने सवाल किया कि विस्फोट के बारे में उनका क्या कहना है। स्टालिन के पास गृह विभाग भी है।
उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया, "जब भी द्रमुक तमिलनाडु में सत्ता संभालती है, बम विस्फोटों की घटनाएं नियमित हो जाती हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि यह घटना पुलिस और खुफिया विभाग के सही तरीके से कामकाज नहीं करने को उजागर करती है। उन्होंने मांग की कि पुलिस को बिना किसी राजनीतिक दबाव के मामले की जांच करनी चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह दुर्घटना थी या साजिश और क्या इसमें कोई असामाजिक तत्व शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY