देश की खबरें | दिल्ली में बस ने एक दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक ‘लो-फ्लोर’ इलेक्ट्रिक बस ने शनिवार को दक्षिणी रोहिणी में एक दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, चार नवंबर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक ‘लो-फ्लोर’ इलेक्ट्रिक बस ने शनिवार को दक्षिणी रोहिणी में एक दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब पौने तीन बजे अवंतिका में विश्राम चौक के पास जिस वक्त यह हादसा हुआ, बस में कोई यात्री नहीं था।

पुलिस के मुताबिक, बस ने पहले एक कार को और फिर एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इसके बाद उसने सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों को भी टक्कर मारी।

पुलिस ने बताया कि बस चालक संदीप कुमार को मौके से पकड़ लिया गया है। उसने पुलिस को बताया कि उसे ‘मिर्गी’ का दौरा पड़ा था।

पुलिस को दुर्घटना के कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जहां बस को एक-एक करके वाहनों को टक्कर मारते देखा जा सकता है। बस के नीचे आकर कुछ दोपहिया वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। उसने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि बस के चालक ने वाहन पर से निंयत्रण खो दिया था।

मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, हालांकि रोहिणी सेक्टर-तीन निवासी घायल राम शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शर्मा के सिर में चोट लगी है।

पुलिस ने बताया कि रोहिणी में यात्रियों को उतारने के बाद कुमार डिपो की ओर जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उसने हमें बताया कि वह मिर्गी से पीड़ित है। हमने उसकी मेडिकल जांच कराई है।"

इस बीच, दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने एक बयान में इस घटना को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया। बयान में कहा गया है कि दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार के साथ है।

बयान के मुताबिक, "चालक अचानक बेहोश हो गया और उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क पर बाईं ओर खड़े वाहनों से टकरा गई। कंडक्टर ने पीसीआर को बुलाया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने में पुलिस की मदद की।"

बयान में कहा गया है कि एक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी लेने के लिए डॉ. बी आर आंबेडकर अस्पताल भी गए।

परिवहन विभाग ने कहा, "जहां तक मशीनों की खराबी का सवाल है, दिल्ली सरकार के पास शहर में सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मानक प्रक्रियाएं हैं।"

पुलिस का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में शामिल होने के बाद से इलेक्ट्रिक लो-फ्लोर डीटीसी बस से जुड़ी यह पहली ऐसी घातक दुर्घटना है।

पुलिस ने कहा कि घटनाओं के क्रम की पुष्टि के लिए बस चालक का बयान दर्ज किया गया है। उसने बताया कि मृतक की पहचान के लिए स्थानीय खुफिया विभाग की मदद ली जा रही है।

पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के समय मृतक सड़क पार कर रहा था और कचरा उठा रहा था।

उसने बताया कि दक्षिणी रोहिणी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now