देश की खबरें | जम्मू, पंजाब में बीएसएफ एवं पाकिस्तान रेंजर्स ने दिवाली पर मिठाइयों का आदान प्रदान किया

जम्मू/अटारी, 24 अक्टूबर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पाकिस्तान रेंजर्स ने सोमवार को दिवाली पर जम्मू क्षेत्र और पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कई सीमा चौकियों पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।

भारत और पाकिस्तान के सीमा रक्षक बल ईद और दीवाली जैसे धार्मिक त्योहारों और अपने-अपने स्वतंत्रता दिवसों पर मिठाइयों और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हैं।

इस मौके पर दोनों ओर की सेनाओं ने भी नियंत्रण रेखा पर कुछ अग्रिम चौकियों पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।

बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने कहा, "आज दीवाली के अवसर पर, बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स ने बहुत सौहार्दपूर्ण माहौल में जम्मू सीमा के तहत विभिन्न सीमा चौकियों पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।"

उन्होंने कहा कि ऐसा सांबा, कठुआ, आरएस पुरा और अखनूर सीमा पर स्थित सीमा चौकियों पर किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अटारी-वाघा सीमा पर बीएसएफ ने दिवाली के मौके पर पाकिस्तानी रेंजर्स को मिठाई खिलाई।

संयुक्त जांच चौकी पर बीएसएफ के कमांडेंट रैंक के एक अधिकारी ने अन्य जवानों के साथ पाकिस्तान रेंजर्स को मिठाई दी। दोनों बलों के अधिकारियों ने हाथ मिलाया।

प्रवक्ता ने कहा कि सीमा पर अपना दबदबा बनाने के साथ ही बीएसएफ हमेशा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाने में सबसे आगे रहा है। उन्होंने कहा, "इस तरह के कदम (मिठाइयों का आदान-प्रदान) दोनों सीमा सुरक्षा बलों के बीच सीमा पर शांतिपूर्ण माहौल और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने में मदद करते हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)