विदेश की खबरें | ब्रिटेन : चार्ल्स ने महाराजा के तौर पर पहली बार संसद को संबोधित किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, सात नवंबर ब्रिटेन की राजगद्दी संभालने के बाद महाराजा चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर संसद को संबोधित किया। वह शाही लिबास और धूमधाम के साथ संसद परिसर में दाखिल हुए और प्रधानमंत्री ऋषि सुनक नीत सरकार की अगले संसदीय वर्ष की योजनाओं का रूपरेखा पेश किया।

संसद सत्र की उद्घाटन बैठक को संबोधित करने के लिए 74 वर्षीय महाराजा के साथ महारानी कैमिला भी थीं। यह समारोह हाउस ऑफ लॉर्ड्स में अपने शाही समारोह के माध्यम से हाउस ऑफ कॉमन्स की स्वतंत्रता का प्रतीक है।

चार्ल्स ने अपने भाषण की शुरुआत अपनी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि देने के साथ की। उनका संबोधन कई मामलों में प्रथम है जैसे सत्र की शुरुआत सुनक के नेतृत्व में हुई जो भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री हैं। पिछले 70 साल में पहली बार है जब संसद सत्र की शुरुआत महाराजा द्वारा की गई, इससे पहले 1950 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पिता और चार्ल्स के नाना जॉर्ज षष्ठम ने संसद सत्र के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया था।

संसद के उद्घाटन सत्र में महाराजा द्वारा भाषण दिया जाता है लेकिन यह वास्तव में प्रधानमंत्री के साथ मिलकर तैयार किया जाता है जिसमें वह आने वाले महीनों के लिए विधायी एजेंडे की रूपरेखा प्रस्तुत करते हैं।

चार्ल्स तृतीय ने अपने भाषण में इजराइल-फलस्तीन संघर्ष के मुद्दे पर बात की और ‘इजराइली लोगों के खिलाफ आतंकवाद के बर्बर कृत्य की निंदा की।’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे मंत्री ब्रिटेन में रोजगार और विकास को गति देने के लिए गतिशील अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार समझौतों पर बातचीत जारी रखेंगे।’’

ब्रिटेन इस समय भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) पर बातचीत कर रहा है और दोनों पक्षों के बीच इस समय 13वें दौर की बातचीत चल रही है।

ब्रिटेन के महाराजा ने हाउस ऑफ लार्ड्स को संबोधित करते हुए दोहराया कि सुनक ‘आने वाली पीढ़ियों के हितों के लिए दीर्घकालिक फैसलों पर’ ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

इससे पहले चार्ल्स बकिंघम पैलेस से संसद भवन तक सजी-धजी डायमंड जुबली शाही बग्घी पर सवार होकर पहुंचे और इस घुड़सवार दस्ते के सैनिक उनके साथ चल रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)