चेन्नई, 10 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई ने बृहस्पतिवार को राज्य इकाई के अध्यक्ष पद के आवेदन आमंत्रित किए।
यह आवेदन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चेन्नई दौरे के समय आमंत्रित किए गए है।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी 11 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा करेगी।
के अन्नामलाई ने पहले कहा था कि वह इस पद की दौड़ में नहीं हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या नेतृत्व में कोई बदलाव हुआ है, अन्नामलाई ने मुस्कुराते हुए संवाददाताओं से कहा, "आपको कल आधिकारिक तौर पर बताया जाएगा। अभी मैं यही कहूंगा कि अमित शाह जी आज रात चेन्नई आ रहे हैं और वह कल राज्य में हो रही गतिविधियों का जायजा लेंगे।"
उन्होंने कहा कि शाह पार्टी सदस्यों से सीधी प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं।
पार्टी ने प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद और राष्ट्रीय महासमिति के सदस्यों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
पार्टी ने घोषणा की, "नामांकन पत्र कल (11 अप्रैल) पार्टी के राज्य मुख्यालय कमलालयम में राज्य निर्वाचन अधिकारी एम चक्रवर्ती प्राप्त करेंगे।"
शीर्ष पदों के लिए चुनाव के वास्ते नामांकन पत्र पार्टी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
पार्टी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इच्छुक सदस्य कल (11 अप्रैल) दोपहर दो बजे से शाम चार बजे के बीच राज्य मुख्यालय में विधिवत भरे हुए फॉर्म डाउनलोड करके जमा कर सकते हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि चुनाव परिणाम 12 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY