देश की खबरें | भाजपा के चुनावी वादे ‘मोदी के जुमले’, क्योंकि प्रधानमंत्री ने पहले इन्हें ‘रेवड़ी’ करार दिया था : कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रविवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए वादों को ‘मोदी का जुमला’ कहना उपयुक्त होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री ने पहले इन कदमों को ‘रेवड़ी’ करार दिया था।
नयी दिल्ली, पांच नवंबर कांग्रेस ने रविवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए वादों को ‘मोदी का जुमला’ कहना उपयुक्त होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री ने पहले इन कदमों को ‘रेवड़ी’ करार दिया था।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा पत्र में कांग्रेस की ‘गारंटी’ की नकल करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने शनिवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए जारी भाजपा के घोषणापत्र को ‘नकल’करार दिया था।
रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘ मोदी सरकार की असंवेदनशील और जनविरोधी आर्थिक नीतियों से पीड़ित करोड़ों परिवारों को राहत और सहायता प्रदान करने के लिए कांग्रेस पार्टी जिसे ‘गारंटी’ कहती है, प्रधानमंत्री करीब एक वर्ष से इन गारंटी की ‘रेवड़ी’ कहकर आलोचना करते रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब, उनकी पार्टी बेशर्मी से कांग्रेस की नकल कर रही है। उन्होंने जो चुनावी वादे किए हैं, वे स्वघोषित विश्वगुरु की किताब के मुताबिक ‘रेवड़ी’ हैं। मुख्य अंतर यह है, और यह आश्चर्यजनक नहीं है कि इन्हें ‘मोदी की गारंटी’ के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। इन्हें वास्तव में ‘मोदी के जुमले’ कहा जाना चाहिए।’’
रमेश ने पोस्ट में कहा, ‘‘ यह ‘मोदी है तो पाखंड की सीमा नहीं है’ का एक और उदाहरण है।’’
पांच राज्यों मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव सात नवंबर से शुरू हो रहे हैं और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।
कांग्रेस छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, जबकि मध्य प्रदेश और मिजोरम में सत्ता में वापसी करने का प्रयास कर रही है। मध्य प्रदेश में फिलहाल भाजपा की सरकार है, जबकि मिजोरम में भाजपा गठबंधन सरकार का हिस्सा है। तेलंगाना में कांग्रेस भारत राष्ट्र समिति को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)