जरुरी जानकारी | बिहार सरकार ने ‘बिजनेस कनेक्ट समिट’ से पहले निवेशकों के साथ बैठक की

नयी दिल्ली, छह नवंबर बिहार के उद्योग विभाग ने ‘बिजनेस कनेक्ट समिट 2023’ से पहले सोमवार को यहां एक निवेशक बैठक की मेजबानी की। इस दौरान उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियों और सरकारी अधिकारियों को राज्य में निवेश के अवसरों पर चर्चा करने के लिए एक साथ लाया गया।

बिहार बिजनेस कनेक्ट समिट का आयोजन 13-14 दिसंबर को पटना में होगा।

बैठक के दौरान बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि सरकार राज्य में एक समृद्ध औद्योगिक माहौल बनाने के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह शिखर सम्मेलन उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियों, निवेशकों और सरकारी प्रतिनिधियों को आपसी सहयोग और बिहार की विशाल संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक मंच देता है। हम व्यापार वृद्धि के लिए अनुकूल माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें भरोसा है कि यह सम्मेलन कई लाभकारी साझेदारियों को जन्म देगा।’’

महासेठ ने 13-14 दिसंबर, 2023 को पटना में आयोजित होने वाले आगामी बिहार बिजनेस कनेक्ट समिट के लिए उद्योगों को निमंत्रण भी दिया।

निवेशकों की बैठक में चार प्रमुख क्षेत्रों: कपड़ा और चमड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी/आईटीईएस और ईएसडीएम, तथा सामान्य विनिर्माण पर खासतौर से जोर दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)