विदेश की खबरें | संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बांग्लादेश में फिर खुले दफ्तर, परिवहन सेवा भी शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. बांग्लादेश में दो महीने के बाद रविवार को एक बार फिर दफ्तर खोल दिये गए और सीमित तरीके से परिवहन सेवा भी शुरू हो गई है, हालांकि रविवार को ही संक्रमण की वजह से देश में 40 लोगों की मौत भी हुई जो एक दिन में कोविड-19 से हुई मौत का सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

ढाका, 31 मई बांग्लादेश में दो महीने के बाद रविवार को एक बार फिर दफ्तर खोल दिये गए और सीमित तरीके से परिवहन सेवा भी शुरू हो गई है, हालांकि रविवार को ही संक्रमण की वजह से देश में 40 लोगों की मौत भी हुई जो एक दिन में कोविड-19 से हुई मौत का सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 650 हो गया है जबकि रविवार को संक्रमण के 2545 नए मामले मिलने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 47,153 हो गई। देश में रविवार को एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किये गए।

यह भी पढ़े | नेपाल: पिछले 24 घंटें में कोरोना के 166 नए मामले सामने आए, कुल संख्या 1567 हुई.

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच दफ्तरों को फिर से खोले जाने और परिवहन सेवाओं को बहाल किये जाने पर सत्ताधारी आवामी लीग के महासचिव और सड़क परिवहन मंत्री उबैदुल कादिर ने चेताया कि “संकट के समय किसी की भी मामूली सी चूक विनाशकारी साबित हो सकती है।”

उन्होंने 26 मार्च से प्रभावी राष्ट्रव्यापी बंद के बाद सरकार द्वारा सरकारी और निजी दफ्तरों तथा सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को “सीमित मात्रा” में शुरू करने के फैसले के बीच लोगों से हर कदम बेहद सावधानी के साथ उठाने का अनुरोध किया।

यह भी पढ़े | India-Nepal Border Dispute: भारत के साथ सीमा विवाद के बीच नेपाल सरकार ने संसद में संविधान संशोधन विधेयक पेश किया.

एक सरकारी आदेश में तीन दिन पहले सरकारी और निजी कार्यालयों से कर्मचारियों की सीमित मौजूदगी के साथ काम शुरू करने और रेलवे व निजी परिवहन सेवाओं को स्वास्थ्य मानकों का सख्ती से पालन करते हुए संचालन शुरू करने को कहा गया था।

बांग्लादेश ने पहले 26 मार्च से 4 अप्रैल को सरकारी अवकाश की घोषणा की थी। इससे पहले आठ मार्च को देश में कोविड-19 के पहले तीन मामले सामने आए थे और 18 मार्च को देश में महामारी से पहली मौत हुई थी।

देश में 26 मार्च के बाद से छह चरणों में बंद को 30 मई तक बढ़ाया गया था।

ढाका की सड़कों पर रविवार को कई जगहों पर जाम देखने को मिला जबकि परिवहन के अन्य साधनों में भी तय सीमा से ज्यादा भीड़ थी। इसे लेकर स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं।

रेल अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने रेल सेवा शुरू कर दी है और फिलहाल यह आठ शहरों के बीच उपलब्ध है।

सरकार ने इस बीच देश भर में बसों के किराये में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए कहा कि नई दरें कोविड-19 संकट के दौरान लागू रहेंगी और “संकट खत्म होने के बाद पुरानी दरें लागू हो जाएंगी।”

प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि दफ्तरों और अन्य सेवाओं का खोला जाना जरूरी था जिससे महामारी के बावजूद आर्थिक गतिविधियां चलती रहें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\