देश की खबरें | आजम खान की पत्नी ताजीन फातिमा दस माह बाद जेल से रिहा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

सीतापुर (उत्तर प्रदेश), 21 दिसंबर करीब दस महीने से जिला जेल में बंद समाजवादी पार्टी की विधायक और वरिष्ठ नेता आजम खान की पत्नी ताजीन फातिमा को अदालत के आदेश पर सोमवार शाम रिहा कर दिया गया।

फातिमा को उनके खिलाफ दर्ज मामलों में जमानत मिल गयी है, जबकि उनके पति आजम खान और बेटा अब्दुल्ला अभी भी जेल में हैं।

जेल अधीक्षक डी. सी. मिश्रा ने बताया कि जेल प्रशासन ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया।

रिहा होने के बाद फातिमा ने पत्रकारों से बातचीत मे कहा, ''मुझे दस महीने बाद इंसाफ मिला, मेरे पति आजम खान और बेटे को भी जल्द इंसाफ मिलेगा।''

उन्होंने कहा, ''मैं सरकारी कॉलेज में लेक्चरर थी और वहां मैंने सेवा की। मेरी सत्यनिष्ठा खुद सरकारी अधिकारियों ने प्रमाणित की थी। अचानक मैं अपराधी हो गयी कि मेरे खिलाफ पचास मुकदमे दर्ज किए गए।’’

यह पूछने पर कि क्या इस बीच उनकी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात हुई, फातिमा ने कहा, ''जेल के अन्दर से मैंने या आजम साहब ने किसी से बात नहीं की।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)