देश की खबरें | असम : जमानत मिलने के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता रीतम सिंह को दोबारा किया गिरफ्तार

मोरीगांव (असम), 12 अप्रैल कांग्रेस की असम इकाई के प्रवक्ता रीतम सिंह को शनिवार को मोरीगांव पुलिस ने उस समय दोबारा गिरफ्तार कर लिया, जब वह एक मामले में अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा हो रहे थे।

एक महीने से भी कम समय में यह तीसरा मौका है, जब सिंह को असम पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उस ताजा मामले का ब्यौरा देने से इनकार कर दिया, जिसके लिए कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा, ‘‘मामले की जांच की जा रही है।’’

सिंह को इस महीने की शुरुआत में लखीमपुर से मोरीगांव पुलिस ने हिरासत में लिया था, जब गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने लखीमपुर जिले में दर्ज एक मामले में उन्हें जमानत दे दी थी।

मोरीगांव पुलिस थाने में मामला एक स्थानीय भाजपा नेता द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें कांग्रेस प्रवक्ता पर एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था।

मोरीगांव के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने शुक्रवार को इस मामले में सिंह को जमानत दे दी थी, लेकिन शनिवार को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब वह जेल से बाहर आ रहे थे, तो उन्हें जगीरोड पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

सिंह के पिता और कांग्रेस समर्थक जगीरोड पुलिस थाने के सामने एकत्र हुए और पुलिस के काफिले को उन्हें परिसर के अंदर ले जाने से रोकने की कोशिश की। सिंह के पिता ने वाहनों के सामने लेटने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें सड़क से हटा दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)