देश की खबरें | असम: गोवालपारा में अतिक्रमण रोधी अभियान के तहत 246 परिवारों को हटाया जाएगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम सरकार ने गोवालपारा जिले में ‘नलबाड़ी रिजर्व फॉरेस्ट’ को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया है और इसके तहत कम से कम 246 परिवारों को वहां से हटाया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गोवालपारा, छह नवंबर असम सरकार ने गोवालपारा जिले में ‘नलबाड़ी रिजर्व फॉरेस्ट’ को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया है और इसके तहत कम से कम 246 परिवारों को वहां से हटाया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गोवालपारा के मंडल वन अधिकारी (डीएफओ) तेजस मारीस्वामी ने कहा कि इन 246 परिवारों को जमीन खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे और बहुत से लोग वहां से चले भी गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ तीन टीम बनाई गई हैं और वे अभियान चला रही हैं। अगर संभव हुआ तो हम मंगलवार तक अभियान पूरा कर लेंगे। हमने बुधवार को एक अतिरिक्त दिन के तौर पर रखा है।’’

वन अधिकारी ने साथ ही कहा कि अतिक्रमण हटाने का काम गोवालपारा के नागरिक प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

मारीस्वामी ने कहा कि जिन स्थानों पर स्थायी ढांचे बने हैं उन्हें गिराने के लिए मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह कहते हुए लोगों को स्थानांतरित करने की संभावना को खारिज कर दिया कि उन्होंने वन भूमि पर ‘‘अतिक्रमण’’ किया था।

अधिकारियों ने कहा कि पहले दिन हातिमुरा, हसदोबा और अंग्तिहारा इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया और इस अभियान के तहत लगभग 100 हेक्टेयर भूमि खाली करायी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को वन इलाके में इसी तरह का अभियान चलाया गया था जिसमें 15 परिवारों को वहां से निकाला गया था।

मई 2021 में सत्ता में आने के बाद से हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार राज्य भर में ऐसे अभियान चला रही है, जिसके कारण सुरक्षा कर्मियों और वर्षों से वहां रह रहे लोगों के बीच अक्सर झड़पें होती हैं। अब तक हजारों लोगों को निष्कासित किया जा चुका है, जिनमें अधिकतर बांग्ला भाषी मुसलमान हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now