देश की खबरें | एशियाड पदक विजेता महिला कम्पाउंड टीम रैंकिंग दौर में शीर्ष पर

बैंकॉक, छह नवंबर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अदिति स्वामी, ज्योति सुरेखा वेनाम और परनीत कौर की तिकड़ी ने सोमवार को यहां एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप के रैंकिंग दौर में महिला कम्पाउंड टीम के लिए शीर्ष स्थान सुनिश्चित किया।

विश्व चैम्पियन अदिति ने 706 अंक से शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि अनुभवी ज्योति 700 के स्कोर से तीसरे स्थान पर रही।

परनीत कौर ज्योति से एक स्थान पीछे चौथे स्थान पर रहीं। इन तीनों ने कुल 2105 अंक जुटाये जिससे टीम ने कोरिया (2071) से पहले शीर्ष रैंकिंग हासिल की।

आठ टीम के ड्रा में महिला कम्पाउंड टीम निचली रैंकिंग की हांगकांग के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।

पुरुष कम्पाउंड टीम स्पर्धा में दक्षिण कोरिया (2128) ने भारत को एक अंक से पछाड़कर शीर्ष रैंकिंग स्थान हासिल किया।

भारत केा क्वार्टरफाइनल में बाई मिली है जिसमें उसकी भिड़ंत शीर्ष वरीय वियतनाम से होगी।

प्रियांश (710) और प्रथमेश फुगे (709) भारत के शीर्ष दो तीरंदाज रहे, दोनों दक्षिण कोरिया के यांग जाएवोन के बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

महिला रिकर्व क्वालीफिकेशन दौर रविवार को निलंबित हो गया था जिसमें सोमवार को भारत 1947 अंक से पांचवें स्थान पर रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)