नयी दिल्ली, छह नवंबर वाणिज्य मंत्रालय के तहत आने वाले कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने खाड़ी देशों में भारतीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रमुख वैश्विक खुदरा कंपनी लुलु हाइपरमार्केट के साथ समझौता किया है। एक सरकारी बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई है।
इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) के साथ (एपीडा) जीसीसी (खाड़ी सहयोग परिषद) के सदस्य देशों में मोटे अनाज सहित भारतीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देगा। लुलु समूह की मिस्र और सुदूर पूर्व के अलावा अन्य देशों में भी उपस्थिति है।
समूह पश्चिम एशिया और एशिया में सबसे तेजी से बढ़ती खुदरा श्रृंखला है।
बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात जीसीसी के सदस्य हैं।
इसमें कहा गया है, ‘‘जीसीसी में कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एपीडा ने प्रमुख वैश्विक खुदरा कंपनी लुलु हाइपरमार्केट एलएलसी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।’’
लुलु समूह विभिन्न आयातक देशों की आवश्यकताओं के अनुसार उत्पादों की लेबलिंग में भी सहायता प्रदान करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY